फतेहपुर के असोथर में बसपा नेता रामनारायण निषाद के बेटे और बेटी की रविवार सुबह करीब 11 बजे सड़क हादसे में मौत हो गई। सड़क पर भीड़ जमा होेने से जाम लग गया। ट्रैक्टर चालक पर मुकदमा दर्ज करने और अधिकारियों को बुलाने की मांग पर भीड़ ने हंगामा भी किया।
एसडीएम ने मुआवजे और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। बसपा नेता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। असोथर थाना क्षेत्र के बरेड़ा गांव निवासी बसपा के पूर्व जिला महासचिव रामनारायण निषाद वर्ष 2017 में जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ चुके हैं।
मौके पर रोते बिलखते परिजन
- फोटो : amar ujala
रविवार को उनका बेटा देवेंद्र (32) बाइक से नरैनी बाजार जा रहा था। साथ में बेटी मीना (19) भी थी। मनावां माइनर करुइया डेरा के पास सामने से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। पहिये के नीचे आने से भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रैक्टर लेकर भाग रहे चालक को पकड़कर ग्रामीणों ने पिटाई कर दी। पुलिस के पहुंचने से पहले सड़क पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इससे गाजीपुर-विजयीपुर मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस शव उठाने लगी तो भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। लोग ट्रैक्टर चालक पर ट्रैक्टर चढ़ाने का मुकदमा दर्ज करने और डीएम व एसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे।
थानाध्यक्ष रणधीर बहादुर सिंह की सूचना पर एसडीएम प्रमोद झा, थरियांव सीओ अनिल कुमार, थरियांव, किशनपुर, गाजीपुर, चौकी विजयीपुर की पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने मुआवजे और कार्रवाई का आश्वासन देकर भीड़ को शांत कराकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। करीब दो बजे यातायात बहाल हो सका। सीओ ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।