बांदा में रक्षाबंधन पर मायके आई युवती ने मिट्टी का तेल डालकर खुद को जिंदा जला लिया। एक साल पहले शादी हुई थी। परिजन आत्महत्या की वजह नहीं बता पाये। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मुरवल गांव में सीमा (26) पुत्री राजेश ने शनिवार की शाम अपने को कमरे में बंद कर आग लगा ली।
परिजनों ने जब तक आग बुझाई, उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मां राजू ने बताया कि सीमा की शादी मऊरानीपुर (झांसी) निवासी रमेश राजपूत से हुई थी। मंगलवार (20 अगस्त) को उसे वापस ससुराल जाना था।
पति से बात होने के कुछ देर बाद उसने आग लगा ली। घटना के वक्त सीमा घर में अकेली थी। वह और दो भाई बेड़ लगाने खेत गए थे। उधर, मृतका के ससुर पप्पू राजपूत ने बताया कि आरती की छोटी बहन भी उसके घर ब्याही है।
दोनों को कोई कष्ट नहीं था। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पा रही है। कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर शशि कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथमदृष्टया आत्महत्या है। मृतका के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है।