जालौन में ग्यारहवीं की छात्रा के साथ गांव के ही दो लड़कों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। परिजनों का आरोप है कि बेटी सुबह स्कूल जा रही थी तभी स्कूल गेट के पास से ही गांव के ही बाइक सवार दो युवकों ने बेटी को अगवा कर लिया और झाड़ियों में ले जाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर बेटी संग मारपीट भी की गई है।
परिजनों ने दोनों लड़कों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। वहीं कोतवाल राम सहाय सिंह का कहना है कि छात्रा के साथ मारपीट तो हुई है पर मामला दुष्कर्म का नहीं है। छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह उसकी 11वीं में पढ़ने वाली बेटी पैदल घर से स्कूल के लिए निकली।
जैसे ही बेटी स्कूल गेट के पास पहुंची तभी गांव निवासी दो युवक बाइक से पहुंचे और बेटी को जबरन अपनी बाइक में बैठाकर बीहड़ में ले गए। विरोध करने पर मारकर कर झाड़ियों में ले जाकर दुष्कर्म किया। ग्रामीणों ने जब छात्रा को बदहवासी की हालत में देखा तो नाम पता पूछकर परिजनों को सूचना दी। छात्रा के चेहरे पर पिटाई से चोटों के निशान भी है।
छात्रा ने पूरी आपबीती परिजनों को बताई। देर शाम परिजन छात्रा को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को मामले से अवगत कराया। कोतवाल का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले जब पुलिस ने छात्रा के कालेज में जागरुकता अभियान चलाया था, उस वक्त छात्राओं ने कालेज के आसपास शोहदों के घूमने की शिकायत की थी। इसके बाद भी थाना पुलिस ने कालेज के आसपास कोई सख्ती नहीं की।