घाटमपुर में कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंदिर के साधु के साले ने पांच दिन पहले 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने शुक्रवार को परिजनों के साथ कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की। इस पर उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई। तब जाकर शनिवार दोपहर में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
शाम को एसपी आउटर तेज स्वरूप सिंह और सीओ तेज बहादुर सिंह ने गांव जाकर परिजनों के बयान दर्ज किए और जांच पड़ताल की। पिता ने बताया कि गांव के बाहर स्थित मंदिर में साधु रहता है। उसका साला छोटू भी साथ में रहता है। कई महीने से वह उसकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ कर रहा था।
पांच दिन पहले उसे डरा धमकाकर दुष्कर्म किया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो साधू ने घर आकर रुपये का लालच देकर साले से शादी कराने का दबाव बनाया। सीओ ने बताया कि दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।