हादसे के बाद मौके पर पड़ा मलबा
- फोटो : अमर उजाला
घाटमपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के पड़री गांव में बुधवार की शाम ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से मंदिर में बने कमरे की छत ढह गई। इसके मलबे के नीचे दबकर वृद्ध की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी पतारा में भर्ती कराया गया।
वहां से उसे कानपुर के उर्सला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पड़री गांव के किनारे विसाजन देवी व हनुमान मंदिर बना है। मंदिर के बगल में एक कमरा है। बुधवार की शाम गांव के भोला (60) अपने साथी शंकर गुप्ता (63) के साथ कमरे में बैठे थे। तभी खेत से चारा लादकर लौट रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली उधर से गुजरी।
ओवर लोड होने के चलते चालक अंदाजा नहीं लगा पाया, जिससे ट्रॉली कमरे के खंभे से टकराते हुई निकल गई। खंभा क्षतिग्रस्त होने से कमरे की छत भरभराकर ढह गई। मलबे में दबकर दोनों वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को मलबे के ढेर से निकालकर सीएचसी पतारा में भर्ती कराया।
वहां भोला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायल शंकर गुप्ता को उर्सला अस्पताल रेफर कर दिया। साढ़ थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के बाद भागे ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया गया है। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।