कानपुर में डेंगू के 59 और मरीज मिले हैं। इनमें 37 नगर के हैं। उर्सला की लैब ने 20 और जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज की लैब ने 39 रोगियों के सैंपल में डेंगू की पुष्टि की है। इनमें ज्यादातर की रिपोर्ट एनएस-1 पॉजिटिव आई है। मतलब कि संक्रमण ताजा है। सक्रिय मरीज अब 155 हो गए हैं।
एडीज एजिप्टाई मच्छर लगातार डेंगू वायरस लोगों के शरीर में पहुंचा रहा है। फॉगिंग और लार्वासाइडल के छिड़काव का इसकी ब्रीडिंग पर अधिक असर नहीं पड़ रहा है। एसीएमओ और संचारी रोग प्रभारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि कुल 347 सैंपल की जांच हुई है। इस समय सैंपलों का पॉजिटिविटी रेट 17 प्रतिशत है। स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न विभागों के आठ स्थानों पर मेडिकल कैंप लगाकर 742 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। 18 रोगियों के सैंपल डेंगू की जांच के लिए भेजे हैं।
डेडिकेटेड हॉस्पिटल में रैपिड एनएस-1 किट उपलब्ध
सीएमओ डॉ. आलोक रंजन ने बताया कि डेंगू डेडिकेटेड हॉस्पिटल में उर्सला के डॉक्टरों की ड्यूटी लगा दी गई है। इसके साथ ही जांच के लिए रैपिड एनएस-1 किट भी उपलब्ध करा दी गई है। डेंगू की एलाइजा जांच के लिए कांशीराम अस्पताल का एसएसएच लैब से अनुबंध करा दिया गया है। डेंगू को रोगियों के इलाज के लिए अस्पताल में सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं।