जलस्तर में दर्ज की जा सकती है गिरावट
घरों में पानी घुसने से कई परिवार रात में छतों पर ही गुजर बसर कर रहे है। केंद्रीय जल आयोग की मानें, तो अगले एक दो दिन में जलस्तर में गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि गंगा नदी अभी भी चेतावनी बिंदु 112 मीटर से 33 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। सदर लेखपाल मनोज यादव ने बताया कि जलस्तर पर नजर रखी जा रही है।
हरिहरपुर-बैराज संपर्क मार्ग कटा
गंगा का पानी शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी दस्तक देने लगा है। गांव के कटरी क्षेत्र के खेतों में पानी घुसने से किसानों की सब्जी की फसल बर्बाद हो गई है। खेत पानी से लबालब है, ऐसे में किसानों को लाखों का नुकसान होने के कारण चेहरे मुरझाए है। वहीं, हरिहरपुर -बैराज संपर्क पर नदी का पानी पहुंचने से मार्ग कट गया है।
सब्जियों की फसल हो चुकी है बर्बाद
इससे ग्रामीणों को आने जाने में दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से चंपापुरवा और गगनीखेड़ा कटरी क्षेत्र से होकर नदी का पानी हरिहरपुर गांव की ओर आ गया है। हरिहरपुर -बैराज संपर्क मार्ग कट गया है। ग्रामीणों ने बताया कि नदी का पानी हरिहरपुर, फत्तेखेड़ा गंगा कटरी, रामपुर, नत्था खेड़ा में पानी ने दस्तक दे दी है। खेत पानी से लबालब हैं। खेतों में बैंगन, तरोई, लौकी, भिंडी समेत अन्य सब्जी की फसल बर्बाद हो गई है।