डेरापुर (कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में अकेली महिला से तीन युवकों ने चाकू दिखाकर दुष्कर्म किया। इसके साथ ही वीडियो बना लिया। कहीं शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने और पति व उसकी हत्या करने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की है। घटना एक सप्ताह पूर्व की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता 22 अगस्त को घर पर अकेली थी। पति व मोहल्ले के लोग कैमहा गांव में एक युवक के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। पीड़िता का आरोप है कि देर रात आशापुरवा गांव निवासी राहुल घर पर आया और दरवाजा खोलने को कहा। घर पर पति के नहीं होने की बात कही तो वह लौट गया।
कुछ देर बाद वह साथी पंकज व गौतम के साथ दीवार फांद कर घर में घुस आया। इसके बाद चाकू दिखाकर उससे दुष्कर्म किया और उसका वीडियो भी बना लिया। कहीं शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने व उसे व पति को जान से मारने की धमकी दी।
थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी देने सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।