रसूलाबाद। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी से दो युवकों ने दुष्कर्म किया। एसपी के आदेश पर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। घटना 18 अगस्त की रात की है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी ने एसपी को बताया कि रिश्तेदार की मौत होने पर 18 अगस्त को नौभार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह पत्नी को लेकर गया था। घर पर नाबालिग बेटी अकेली थी।
इस दौरान पड़ोसी मेवालाल व उसका रिश्तेदार राजीव घर में घुस गया और बेटी को फूस के बंगले में ले गए। इसके बाद उससे दुष्कर्म किया। बेटी के बेहोश होने पर दोनों आरोपी मौके से भाग गए। रात करीब नौ बजे घर लौटने पर बेटी फूस के बंगले में बेहोश मिली।
19 अगस्त को रसूलाबाद थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने बजाए उसे टरका दिया। मामले की सुनवाई कर एसपी ने थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पिता की तहरीर पर दुष्कर्म, पॉक्सो, एससीएसटी एक्ट व धमकी देने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। केस की विवेचना सीओ करेंगे। उनके निर्देशानुसार आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
नहीं लगाई सामूहिक दुष्कर्म की धारा
पुलिस ने एसपी के आदेश पर रिपोर्ट तो दर्ज कर ली लेकिन सामूहिक दुष्कर्म की धारा नहीं लगाई है, जबकि पीड़िता के पिता ने तहरीर में दोनों युवकों की ओर से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि तहरीर में एक युवक की ओर से दुष्कर्म करने का ही जिक्र किया गया है। इसी आधार पर दुष्कर्म की धारा लगाई गई है। विवेचना के आधार पर धारा तरमीम की जाएगी।