मरियमपुर चौराहे पर शनिवार देर रात कार में टक्कर की आवाज आने पर दूसरे वाहन सवार युवकों से विरोध करने पहुंचे युवक को कार सवार चार लोगों ने पीटकर लहूलुहान कर दिया। आरोप है कि हमलावर पीटने के दौरान गले में पड़ी करीब डेढ़ तोले की चेन व लॉकेट भी छीन ले गए। हत्या की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित ने नजीराबाद थाने में चार नामजद अमनदीप पटेल, अंशू, रनदीप सिंह उर्फ सैंकी और अंकुश उर्फ सैंकी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बर्रा आठ निवासी सौरभ तिवारी के अनुसार वह रात करीब 12:20 बजे लाजपतनगर स्थित प्राॅपर्टी डीलिंग के दफ्तार से स्विफ्ट कार से घर लौट रहे थे। मरियमपुर चौराहे पर उनकी कार के पास से गुजरी मारुति डिजायर कार से उनकी कार में टक्कर लगने की आवाज आई। इस पर वह कार रोककर डिजायर में मौजूद लोगों से विरोध करने पहुंचे। आरोप है कि कार में मौजूद चारों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर चारों ने गिराकर लात-घूंसों से जमकर पीटा। हमलावरों ने इसी बीच उनकी चेन, लॉकेट भी छीन लिया। उंगली से अंगूठी भी गायब हो गई। इसके बाद आरोपी कार में सवार होकर गोविंदनगर की ओर भाग गए। पीड़ित के अनुसार उन्होंने अपने स्तर से चारों के नाम पता करने के बाद थाने में नामजद तहरीर दी। नजीराबाद थाना प्रभारी पवन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्जकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।