कानपुर देहात। कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को जनपद में पांच संक्रमित मिले। इसमें कचहरी में तीन पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, दो की आरटीपीसीआर जांच में संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इन दोनों का नाम पता गलत है। अब संक्रमित केस 22 पहुंच गए हैं। सभी को आइसोलेट किया गया है।
जनपद में संक्रमितों की संख्या दोगुनी रफ्तार से बढ़ रही है। इनमें कोई गंभीर नहीं है। मंगलवार को अकबरपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. आशीष वाजपेयी के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम कचहरी परिसर में लोगों व कर्मचारियों की सैंपलिंग कर रही थी।
एंटीजन टेस्ट में तीन कर्मचारियों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें होम आइसोलेट कर दिया गया है। आरटीपीसीआर जांच के लिए इनके सैंपल जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज भेजे गए हैं।
वहीं, मंगलवार को आई आरटीपीसीआर रिपोर्ट में दोनों संक्रमित का पता और मोबाइल नंबर गलत है। ऐसे में निदेशालय को सूचना भेज दी गई है। इसके साथ ही राजपुर कस्बा निवासी महेंद्र प्रताप सिंह सोमवार को संक्रमित मिले थे।
वह पुखरायां पीएचसी में लैब टेक्निशियन पद पर तैनात हैं। मंगलवार को नगर पंचायत और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टेक्नीशियन के क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर हॉटस्पॉट एरिया घोषित कर दिया है।
सीएमओ कार्यालय में सूचना देंगे प्राइवेट अस्पताल
अगर किसी प्राइवेट अस्पताल में संक्रमित मिलता है तो उसे सीधे कोविड अस्पताल नहीं रेफर किया जा सकता है। इसके लिए उन्हें सीएमओ कार्यालय में सूचना देनी होगी। इसके बाद कोविड कमांड सेंटर के नोडल अधिकारी प्राइवेट अस्पताल प्रबंधन को बताएंगे कि मरीज किस जगह भर्ती किया जाएगा।
केंद्रीय राज्यमंत्री समेत 37 लोगों के सैंपल लिए
मूसानगर। अमरौधा ब्लॉक के एमओआईसी डॉ. आदित्य सचान ने बताया कि मूसानगर स्थित आश्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के साथ निवास में मौजूद 37 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रक्रिया की जाएगी। इसके साथ ही टीका करण का कार्य निरंतर चल रहा है। (संवाद)