कानपुर। बर्रा रामगोपाल चौराहा से आनंद साउथ सिटी की तरफ जाने वाली सड़क के चकाचक होने में अभी समय लगेगा। पीडब्ल्यूडी तीन माह में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर पाया है। अब ठंड की वजह से सड़क पर बिटुमिनस (डामर) का काम नहीं हो पाएगा। इस लिए सिर्फ गड्ढों को ही भरा जाएगा।
रामगोपाल चौराहा से आनंद साउथ सिटी तक करीब एक किमी सड़क से दो राष्ट्रीय राजमार्ग जुड़ते हैं। बर्रा आठ, सात, पांच, वरुण बिहार सहित अन्य जगहों के लोग वनपुरवा होते हुए घाटमपुर-सागर हाईवे पर निकलते हैं। इसी तरह घाटमपुर हाईवे पर जाम होने की स्थिति पर वाहन इसी रास्ते से होकर कानपुर-इटावा हाईवे पर पहुंचते हैं। पीडब्ल्यूडी ने 16 अक्तूबर को टेंडर जारी किए थे। 28 को तकनीकी बिड को खोला जाना था, लेकिन इस काम में देरी हुई। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है लेकिन मौसम की वजह से बिटुमिनस का काम नहीं हो पाएगा। अभी सड़क पर नाली निर्माण का काम शुरू कराया जाएगा। साथ ही गड्ढों को भरकर चलने लायक बनाएंगे। यह काम सप्ताह भर बाद से शुरू होगा।
सड़क निर्माण के लिए बांड बनाया जा रहा है। मौसम की वजह से बिटुमिनस का काम नहीं हो पाएगा। अभी गड्ढों को भरवाकर चलने लायक सड़क दी जाएगी। नाली निर्माण का काम भी शुरू कराया जाएगा। - अखंडेश्वर प्रसाद, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी