सूचना पर मंगवाए गए फायर टैंकर
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह, अग्निशमन अधिकारी कृष्ण कुमार ने आग बढ़ने पर भोगनीपुर, सिकंदरा और रसूलाबाद से फायर टैंकर मंगवाए। पेंट दुकान के आसपास मार्केट होने और पीछे बस्ती होने की वजह से त्वरित आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए।
चार बड़े फायर टैंकर व एक छोटे टैंकर की मदद से करीब दो घंटे में आग काबू की जा सकी। इधर, माती मार्ग पर भीड़ पहुंचने से वाहन फंस गए और जाम लग गया। सीओ सदर प्रभात कुमार और एसडीएम सदर भूमिका यादव ने पुलिस की मदद से जाम खुलवाया।
जाम में फंस गई थी एम्बुलेंस
जाम में फंसी एम्बुलेंस को समाजसेविका कंचन मिश्रा ने मशक्कत कर निकलवाया। वहीं, जानकारी पाकर डीएम नेहा जैन व एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एडीएम केशवनाथ भी मौके पर पहुंचे। झुलसे दुकानदार को जिला अस्पताल भेजा गया।
दुकानदार के अनुसार करीब सवा करोड़ रुपये का सामान जल गया। मार्ग पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थित रही। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि दुकानदार को नोटिस देकर नुकसान आदि का ब्योरा मांगा जाएगा। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
देरी से आया दूसरा फायर टैंकर तो किया हंगामा
पेंट की दुकान में आग लगने की सूचना पर माती से फायर टैंकर पहुंच गया। दूसरी छोटी गाड़ी भी भेजी गई। फायर टैंकर का पानी खत्म होने पर नगर पंचायत के हाईड्रेंट से पानी लेने के लिए बड़ी गाड़ी चली गई।
इस दौरान छोटी गाड़ी से दमकल कर्मी पानी की बौछार कर रहे थे। इससे आग काबू न होते देख लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। हालांकि सीओ ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद भोगनीपुर व सिकंदरा से फायर टैंकर पहुंचे। दो तरफ से पानी की बौछार कर आग बुझाई गई।