उत्तर प्रदेश में उन्नाव जिले के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह कंटेनर डिवाइडर तोड़कर कार में घुस गया। हादसे में कार सवार दंपती, उनकी बेटी और भतीजी की मौत हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कंटेनर को कब्जे में लिया है। रविवार सुबह लखनऊ से आगरा जा रहे कंटेनर के चालक को झपकी आने से कंटेनर अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चला गया और आगरा से लखनऊ जा रही कार में जा घुसा।
हादसे में कार सवार राजस्थान के जयपुर के न्यू सांगानेर स्पर्श रोड निवासी अखिलेश मिश्रा (40), उनकी पत्नी बबिता (36), बेटी प्रियांशी (12) और भतीजी ज्योति (10) की मौत हो गई। छोटे भाई संतोष मिश्रा (32) और साथी रूपम गुप्ता घायल हो गए। करीब आधे घंटे बाद पहुंची यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने घायलों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया।