डेरापुर। मुख्य बिजली लाइन में मंगलवार शाम फॉल्ट से नगर व 100 गांवों की बिजली गुल हो गई। पेट्रोलिंग शुरू होने के बाद रात साढ़े आठ बजे के करीब खामी दूर कर आपूर्ति शुरू कराई गई। साढ़े तीन घंटे तक बिजली न आने से लोग परेशान रहे।
डेरापुर नगरीय व ग्रामीण उपकेंद्र जटियापुर ग्रिड उपकेंद्र से जुड़े हैं। मंगलवार शाम पांच बजे 33 केवी लाइन फॉल्ट से ब्रेक डाउन हो गई। इससे दोनों उपकेंद्र ठप हो गए। डेरापुर नगर, बिरिया, किशवाखेड़ा, फत्तेपुर, नुनारी, सब्दलपुर, डूड़ीबरी, निम्दापुर, बलाई, मझगवां, खजुरा, विसोहा, मड़नापुर, मरहना समेत 100 गांवों की बिजली घंटों गुल रही। इन्वर्टर दगा दे गए तो लोग परेशान हुए।
इधर शाम को पेयजल किल्लत भी रही। पेट्रोलिंग के बाद मुख्य लाइन में कई जगह फाल्ट दुरुस्त किए गए लेकिन पूरी तरफ से फॉल्ट ठीक नहीं होने से बिजली गुल रही। उपकेंद्र प्रभारी विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि जटियापुर से आने वाली मुख्य लाइन में फॉल्ट हो गया था। पेट्रोलिंग के बाद फॉल्ट दुरुस्त कराए गए। रात साढ़े आठ बजे फॉल्ट ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।