Fatehpur News: आबूनगर में किशोरी से छेड़खानी और बैग छीनने के प्रयास का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी अमन सैयद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फतेहपुर जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर इलाके में बीच रोड पर बुधवार दोपहर किशोरी से बाइक सवार युवक का छीनाझपटी व छेड़खानी का वीडियो वायरल हुआ। बाइक सवार उसे जबरन बाइक में बैठाने की कोशिश करता नजर आया। विरोध पर किशोरी का बैग छीनने की बाइक सवार युवक कोशिश करता दिखा। कुछ लोगों के वीडियो बनाने पर बाइक सवार मौके से भाग निकला।
कोतवाली पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में लेकर सदर अस्पताल चौकी इंचार्ज गुलाब मौर्य को जांच दी। दरोगा ने जांच के बाद बाइक सवार अमन सैयद को गिरफ्तार किया। वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों में भी घटना को लेकर नाराजगी व्याप्त हो गई थी। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।