फतेहपुर जिले में ललौली के पलटूपुर गांव में नशेड़ी पिता की मारपीट और हरकतों से आजिज किशोरी ने कमरे में दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार देर रात घटना की जानकारी हो सकी। पुलिस ने किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बुधवार रात 11 बजे ललौली थाना क्षेत्र के पलटूपुर गांव निवासी जगन्नाथ निषाद की बेटी अनीता (17) का शव कमरे में बांस के सहारे दुपट्टे के फंदे से लटकता मिला।
यह देखकर छोटी बहन रामदुलारी और पड़ोसी महिलाएं चीख पड़ीं। मृतका के एक छोटी बहन रामदुलारी और दो भाई सुशील और सुनील हैं। जो बहन की मौत से बेहाल हैं। किशोरी की मां राजकुमारी की मौत पिता जगन्नाथ निषाद की प्रताड़ना की वजह से 12 वर्ष पहले जहरीला पदार्थ खाने से हुई थी। शराबी पति की हरकतों और मारपीट से तंग होकर महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी थी।