फतेहपुर जिले के थरियांव में विधवा बहू का प्रेम विवाह कराने के बाद स्त्रीधन छीन लिया। विरोध करने पर बहू को ससुर ने पीटा। मामले की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की है। थाना क्षेत्र के दनियालपुर गांव निवासी कलावती ने तहरीर देकर बताया कि पति विनेश की तीन साल पहले मौत हो गई थी। उसके घर में उधन्नापुर निवासी रिश्तेदार अमर सिंह आता-जाता था।
कुछ दिन पहले अमर सिंह से नजदीकी हो गई। उनके बीच प्रेम प्रसंग हो गया। घर में 23 फरवरी की रात अमर सिंह मिलने आया। इसकी जानकारी ससुर को हुई। ससुर घर आए और दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। ग्रामीणों को बुलाने के बाद ताला खोला। चरित्र पर लांछन लगाए तो वह दोनों शादी के लिए तैयार हो गए। उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली।
वह अमर सिंह के साथ उधन्नापुर रहने चली गई। वह अमर के साथ रविवार को दनियालपुर बच्चों और जेवरात, कपड़े आदि सामान लेने पहुंची। तभी ससुर कंधई ने सामान देने से मना कर दिया। विरोध करने पर ससुर ने अमर को मारा-पीटा। थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।