ट्रेन से टकराया अन्ना मवेशियों का झुंड
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद से अनवरगंज जा रही पैसेंजर ट्रेन से अन्ना मवेशियों का झुंड टकरा गया। इमरजेंसी ब्रेक लगाकर चालक ने ट्रेन रोकी। इससे ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची। सात मवेशियों की हादसे में मौत हो गई। ट्रेन आधे घंटे तक खड़ी रही।
कुत्ते शवों को नोचते रहे। प्रधान और आरपीएफ के पहुंचने के बाद ट्रैक खाली हुआ, जिसके बाद ट्रेन रवाना हुई। शनिवार सुबह करीब पांच बजकर 50 मिनट पर फर्रुखाबाद-कानपुर अनवरगंज पैसेंजर ट्रेन शेखपुर गुमटी संख्या 138-सी के पास से गुजर रही थी।
इसी वक्त रेलवे लाइन पार कर रहा अन्ना मवेशियों का झुंड ट्रेन से टकरा गया। तेज आवाज और चीख पुकार होने पर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इससे ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची। सात अन्ना मवेशियों की मौत हो गई और एक घायल हो गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ शव कानपुर-फतेहगढ़ मार्ग पर जा गिरे। सूचना पर प्रधान और आरपीएफ टीम फर्रुखाबाद से मौके पर पहुंची। शवों को रेलवे ट्रैक से हटाया गया। करीब आधे घंटे बाद ट्रैक साफ होने पर ट्रेन को रवाना किया गया। कुत्तों के झुंड ने मवेशियों के शवों को नोंचना शुरू कर दिया।