बीबीगंज चौकी से माफिया अनुपम दुबे के पचास हजार के फरार इनामी भाई के मुकदमे की फाइल चोरी होने के मामले में पुलिस साजिश की जांच कर रही है। प्रकरण में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है, वहीं रसूखदारों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। मऊदरवाजा थाने की चौकी बीबीगंज से माफिया अनुपम दुबे के भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन के मुकदमे की फाइल चोरी हो गई थी।
दरोगा बलवीर ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। शुक्रवार को मुकदमे की विवेचना कर रहे कादरीगेट एसओ आमोद सिंह ने इस मामले में गांव नेकपुर खुर्द के कबाड़ी के यहां से चोरी गई फाइल बरामद कर ली। पुलिस ने इस मामले में दस से अधिक लोगों को पकड़ लिया था। एसओजी ने फतेहगढ़ के एक रसूखदार को पकड़कर पूछताछ की। इसके बाद उसको देर रात छोड़ दिया।
सूत्रों की मानें तो पुलिस फाइल चोरी के मामले में माफिया व उनके फरार भाई डब्बन की साजिश के संबंध में जांच कर रही है। फाइल चोरी के मामले में मऊदरावाजा एसओ भोलेंद्र चतुर्वेदी व बीबीगंज चौकी इंचार्ज स्वदेश कुमार को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि फाइल मिल गई है, शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।