कोतवाली पुलिस ने सिपाही राजकुमार की तहरीर पर लकूला निवासी बृद्धपाल व दो अज्ञात के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालना समेत कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की।
फर्रुखाबाद जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात गश्त पर निकले चीता मोबाइल के सिपाहियों पर तीन युवकों ने हमला कर दिया। इससे दोनों घायल हो गए और उनकी वर्दी भी फट गई। घायलों का अस्पताल में इलाज कराया गया है।
विज्ञापन
मामले में एक नामजद समेत तीन युवकों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। शहर कोतवाली के चीता मोबाइल के सिपाही राजकुमार और विश्वेंद्र प्रताप सिंह बुधवार देर रात इलाके में गश्त कर रहे थे।
दोनों कादरीगेट से लकूला की तरफ जा रहे थे, तभी उन्हें सड़क पर एक युवक संदिग्ध हालात में खड़ा मिला। सिपाहियों ने उसकी तलाशी ली। उसी समय उसके दो अन्य साथी आ गए। तीनों सिपाहियों से गाली-गलौज करने लगे। बात बढ़ी, तो उन लोगों ने सिपाहियों पर हमला कर दिया।
विज्ञापन
इससे उनकी वर्दी फट गई। किसी तरह सिपाही भागकर कादरीगेट चौकी पहुंचे और अफसरों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक हमलावर भाग चुके थे। मामले में कोतवाली पुलिस ने सिपाही राजकुमार की तहरीर पर लकूला निवासी बृद्धपाल व दो अज्ञात के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालना समेत कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की।
घायल सिपाहियों को अस्पताल में इलाज कराया गया है। देर रात पुलिस ने दबिश देकर लकूला से बुद्धपाल, उसके साथी गजेंद्र सिंह और धर्मपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। वहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।