फर्रुखाबाद जिले में डीसीएम ने टेंपो में टक्कर मार दी। इससे टेंपो सवार श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। हरदोई थाना हरियावा के गांव मरई निवासी नीतू पासी (25) अपने चचेरे भाई प्रदीप (24) और संदीप (22) के साथ बदायूं के सहसवान में पानी की पाइप लाइन डालने के लिए खोदाई का काम करते थे।
विज्ञापन
तीनों भाई सोमवार देर रात हरदोई के लिए टेंपो बुक करके घर जा रहे थे। बरेली-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जैनापुर के पास सामने से आ रही डीसीएम ने टेंपो में टक्कर मार दी। इससे टेंपो पलट गया। उसमें सवार नीतू, प्रदीप व संदीप घायल हो गए। तीनों घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने नीतू को मृत घोषित कर दिया। नीतू दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई विनीत व बहन ज्ञान देवी है। मां शांति देवी, पत्नी अर्चना व बेटा प्रांजल, छुटक्के हैं। प्रदीप ने बताया कि काम कम होने की वजह से घर जा रहे थे। नीतू घर में कमाने वाला था। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।