भरथना। भरथना के नगरिया यादवान में सोमवार सुबह किसान का शव पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
क्षेत्र अंतर्गत नगरिया यादवान निवासी मनोज कुमार (45) का शव घर से एक किमी दूर खेत में शीशम के पेड़ पर गमछे के फंदे पर लटका मिला। ग्रामीणों से सूचना पाकर पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे। चचेरे भाई ध्रुव कुमार ने बताया कि मनोज के शरीर पर चोटें हैं। उसने मारपीट कर शव को फंदे से लटकाए जाने का आरोप लगाया।
बताया कि मनोज की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वह खेती बाड़ी करता था। मृतक के दो भाई दिल्ली में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। सूचना पर सीओ अतुल प्रधान, थाना प्रभारी अरिमर्दन सिंह समेत फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है।