किसान के बेटे ने कमाल कर दिया। उत्तर प्रदेश कंबाइंड एग्रीकल्चर एंड टेक्नॉलाजी इंटरेंस टेस्ट (यूपी कैटेट) में कटरी के इलाके में स्थित ग्राम बाराकाठ निवासी जितेंद्र सिंह यादव ने दूसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने एमएससी (एग्रीकल्चर) की पढ़ाई के लिए प्रवेश परीक्षा दी थी।
जितेंद्र की कामयाबी से परिजनों के साथ ही गांव में भी जश्न है। वर्ष 2017 में भी यूपी कैटेट बीएससी (एग्रीकल्चर) में जितेंद्र ने टॉप किया था। जितेंद्र की हसरत वैज्ञानिक बनने की है। हरदोई जिले के शाहाबाद तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत लखनौर के मजरा बाराकाठ निवासी जितेंद्र सिंह यादव के पिता वीरपाल सिंह खेती करते हैं।
मां रूपा देवी सिंह गृहिणी हैं। पांच भाइयों में तीसरे नंबर के जितेंद्र ने गांधी विचार उच्च माध्यमिक विद्यालय कुर्रिया कला से 10वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण की थी। 12वीं की परीक्षा शाहजहांपुर जनपद के काकोरी शहीद इंटर कॉलेज जलालाबाद से कृषि विषय से प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी।