पंजाब निवासी एक युवक बुधवार शाम को नकली करेंसी के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके पास से दो लाख 96 हजार रुपये के नकली नोट मिले हैं। हरबंश मोहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। कई बिंदुओं पर तफ्तीश जारी है। नोट कहां से आए, इसका पता किया जा रहा है। नोटों की फोरेंसिक जांच भी कराई जाएगी।
एडीसीपी पूर्वी सोमेंद्र मीणा के मुताबिक पंजाब के तरण तारण जिला निवासी मनप्रीत सिंह बुधवार शाम करीब तीन बजे हरबंश मोहाल स्थित एक टेली कम्युनिकेशन की दुकान पर पहुंचा था। उसने पंजाब के एक एसबीआई एकाउंट में दुकानदार अभिषेक गुप्ता से एक लाख रुपये ट्रांसफर कराए।
उसके एवज में एक लाख रुपये की नकदी दी। दुकानदार ने जब गिनती की तो पता चला कि ऊपर और नीचे पांच सौ का नोट असली है, बाकी नकली हैं। दुकानदार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मनप्रीत को हिरासत में ले लिया। तलाशी ली तो तीन लाख के नकली नोट (पांच सौ व सौ के नोट) और मिले।