कानपुर के नौबस्ता में पकड़े गए फर्जी अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर को डाटा बेचने वाले का सुराग लग गया है। नोएडा का पवन शर्मा नाम का शख्स डाटा बेचने का मास्टरमाइंड है। पवन ने ही कॉल सेंटर संचालक को 2.50 लाख अमेरिकी नागरिकों का डाटा बेचा था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
उसके ठिकानों पर दबिश भी दी गई लेकिन मिला नहीं। क्राइम ब्रांच ने पिछले सप्ताह अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर आरोपी रवि शुक्ला और विशाल सिंह सेंगर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोपी अमेरिकी नागरिकों को कॉल कर होम लोन व पर्सनल लोन देने के नाम पर ठगी करते थे।
आरोपियों के पास से ढाई लाख अमेरिकी नागरिकों का डाटा मिला था। पूछताछ में पता चला कि नोएडा निवासी शख्स से डाटा खरीदा गया है। अब उसके नाम व पते की भी जानकारी हो गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक उसका नाम पवन शर्मा है। उसी ने 50 हजार रुपये में डाटा बेचा था। पवन क्या करता है और कब से ये काम कर रहा है, इस बारे में अभी बहुत जानकारी पुलिस के पास नहीं है। आशंका है कि रवि व विशाल पर कार्रवाई की जानकारी के बाद से वह फरार हो गया है।