कानपुर देहात/डेरापुर। जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस शनिवार को डेरापुर तहसील में हुआ। ढाई माह पूर्व एटीएम टप्पेबाजी की घटना में प्राथमिकी दर्ज नहीं होने की शिकायत किशवाखेड़ा प्रधान ने दी।
ग्राम प्रधान व मौजूदा समय में प्रशासन सोबरन सिंह ने जिलाधिकारी कपिल सिंह व एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय को बताया कि बीते 23 अगस्त को मुंगीसापुर में एटीएम बदलकर खाते से 35 हजार रुपये निकालने की टप्पेबाजी हुई थी। डेरापुर थाने में तहरीर दी थी, लेकिन घटना की प्राथमिकी ढाई माह बाद भी दर्ज नहीं हो सकी है। एसपी ने चौकी प्रभारी को तलब कर नाराजगी जताई। पीड़ित के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दिवस में कुल कुल 112 शिकायतें आईं, जिनमें आठ का मौके पर निस्तारण किया गया।
सलेमपुर निवासी सुरेश बाबू, प्रदीप कुमार, रामचंद्र, रमाशंकर, रतिराम आदि ने डीएम को बताया कि डेरापुर-रसधान मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान गांव की सड़क किनारे बनी नाली तोड़ दी गई। सड़क बन गई, लेकिन नाली टूटी पड़ी है। अब कार्यदायी संस्था की ओर से नाली बनाने से इन्कार किया जा रहा है। डीएम ने लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन को जांच सौंपी। शंकर नगर वार्ड निवासी शबनम ने बताया कि मकान और कॉलोनी के पास स्थित खाली भूमि पर एक व्यक्ति अवैध खनन कर रहा है। डीएम ने एसडीएम को जांच सौंपी।
झींझक नगर पालिका क्षेत्र के टिकन गांव के द्वारिकागंज निवासी महेश चंद्र ने बताया कि गांव की गाटा संख्या 242 में दर्ज 0.0480 हेक्टेयर मरघट की भूमि पर कुछ लोगों ने कब्जा कर मकान बना लिए हैं। शेष भूमि के एक हिस्से में सीवर टैंक का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की। डीएम ने ईओ नगर पालिका परिषद झींझक और मंगलपुर थानाध्यक्ष को जांच सौंपी। यहां एसडीएम ऊषा सिंह, सीओ धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी, सीएमओ डॉ. जय गोविंद आदि रहे। अकबरपुर तहसील में एसडीएम राजकुमार पांडेय ने 83 शिकायतें सुनीं। जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दी गई।
सिकंदरा तहसील में एसडीएम रिदम आनंद ने 44 शिकायतें सुनीं। मौके पर केवल एक शिकायत का निस्तारण हो सका। शिवली संवाद के अनुसार मैथा तहसील में सीडीओ विधान जायसवाल की मौजूदगी में 56 शिकायतें सुनीं गई। मौके पर केवल दो शिकायतें निस्तारित की गई। एसडीएम प्रतिभा मिश्रा व तहसीलदार संतोष सिंह रहे। रसूलाबाद तहसील में एडीएम प्रशासन अंकित शुक्ला ने शिकायतें सुनीं। कुल 42 शिकायतें दर्ज हुई। मौके पर दो शिकायतों का निस्तारण हो सका। एसडीएम अभिषेक कुमार, एएसपी आलोक प्रसाद आदि रहे।
...................
जल निकासी, गंंदगी होने का रोया दुखड़ा, मिला निस्तारण का अश्वासन
पुखरायां। भोगनीपुर तहसील कार्यालय सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें तहसीलदार जीतेंद्र कुमार सिंह ने 56 शिकायतें सुनी। महज पांच शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण कराया जा सका।
जल्लापुर महेरा गांव के रामलाल ने बताया कि मकान के बगल स्थित हनुमान मंदिर परिसर में सरकारी हैंडपंप लगा है। वहां से सभी गांव के लोग पानी भरते हैं। जल निकासी के लिए बनी नाली गांव के कुछ लोगों ने बंद कर दी है। इससे जलभराव होता है और गंदगी बनी रहती है। नाली खुलवाई जाए। असेवा गांव के ज्ञान सिंह ने बताया कि मकान के सामने ही कुछ लोग घूरा डालते हैं। जिसकी गंदगी से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
विरोध पर गाली-गलौज कर साथ झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। मांचा गांव के प्रेमचंद ने बताया कि उनके खेत में तीन लोग सह खातेदार हैं। सभी ने मनचाही समतल खेत जोत लिए हैं। उसे ऊंचे-नीचे खेतों का हिस्सा दे रहे हैं, नाली भी गिरा दी है। विरोध पर झगड़ा करने पर आमादा हो रहे हैं। आई शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। मलासा बीडीओ संजय कनौजिया, नायब तहसीलदार सूर्य प्रकाश सहित अधिकारी मौजूद रहे।