कानपुर देहात। आचार संहिता लागू होते ही राशन सामग्री के पैकेटों पर छपी केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों की वजह से राशन सामग्री का वितरण रोक दिया गया है। इसके बाद भी रविवार को कई जगह कोटेदारों ने मोदी और योगी की तस्वीर लगे चना, रिफाइंड और नमक के पैकेट का वितरण कार्डधारकों को कर दिया।
झींझक, डेरापुर, राजपुर, संदलपुर, अकबरपुर, जैनपुर, नवीपुर सहित अन्य क्षेत्रों में रविवार को कोटेदारों ने सुबह 10 बजे से राशन का वितरण शुरू किया। कोटेदारों की ओर से बांटे गए चना, रिफाइंड और नमक के पैकेट के ऊपर पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ की फोटो छपी है। वहीं प्रचार वाक्य भी लिखा है।
आचार संहिता लगने के बाद इसके वितरण पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसका आदेश भी जारी किया गया है। इसमें साफ कहा गया कि फोटो युक्त तेल, चना व नमक के पैकेट न बांटे जाए। अलग से बिना फोटो युक्त पैकेट मंगवाकर कार्डधारकों में वितरण किया जाए। इसके बाद भी कई कोटेदार मनमानी करते नजर आए।
संदलपुर गांव के सुरेश कुमार ने इसकी सूचना देने के लिए डीएसओ सुनील कुमार को फोन किया तो उनका फोन नहीं रिसीव हुआ। इस वजह से राशन की दुकान से लगातार फोटो युक्त पैकेटों को वितरण जारी रहा।
वहीं, डेरापुर के खल्ला गांव में भी सुबह से फोटो वाले राशन के पैकेट कार्ड धारकों में बांटे गए। डीएसओ सुनील कुमार ने बताया कि सीएम व पीएम के फोटो युक्त राशन के पैकेट के वितरण पर रोक लगी है। उनकी जगह दूसरे पैकेट आएंगे। इसके संबंध में कोटेदारों को निर्देश दिए गए हैं। इन पैकेटों का वितरण कराने की जांच की जाएगी।