इटावा शहर कोतवाली थाना से दो सौ मीटर दूर स्थित पक्की सराय कपड़ा बाजार में बृहस्पतिवार दोपहर हेड कांस्टेबल की पत्नी पर किसी शरारती तत्व ने ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। इससे बाजार में हड़कंप मच गया। इसी कपड़ा बाजार में 10 दिन के पहले भी इस तरह की घटना हुई थी। सूचना पर एसपी सिटी प्रशांत कुमार प्रसाद मौके पहुंचे पर पीड़ित महिला से घटना की जानकारी ली।
इसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। फ्रैंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के नई मंडी निवासी ममता यादव (45) न्यू बस अड्डा पंजाबी कालोनी में रहने वाली देवरानी नीलम के साथ दोपहर करीब दो बजे साड़ी खरीदने पक्की सराय बाजार में आई थीं। वह आगरा में एक अस्पताल में एएनएम हैं।
ममता के पति राघवेंद्र सिंह यादव कानपुर के किदवईनगर थाने में हेड कांस्टेबल हैं। ममता ने बताया कि वह लालपुरा निवासी राजीव जैन की दुकान पर साड़ी देख रही थीं। इस दौरान उन्हें कमर के पीछे जलन का अहसास हुआ। पहनी हुई साड़ी शरीर से चिपक गई थी। पॉयल भी पैर में चिपक गए थे।