संगठन के युवाओं की पुलिस से नोकझोंक
गुरुवार को अहीर रेजीमेंट के संयोजक गगन यादव के आह्वान पर करीब डेढ़ हजार युवक दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बकेवर कस्बे में प्रवेश कर गए। सूचना पर सीओ अतुल प्रधान, प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी ने पुलिस बल के साथ युवकों को थाने से लगभग सात सौ मीटर पहले ही सड़क पर रोक लिया। युवा आगरा में गगन यादव की गिरफ्तारी से आक्रोशित थे। संगठन के युवाओं की पुलिस से नोकझोंक हुई।
बकेवर ओवरब्रिज के आगे हाईवे पर लगाया जाम
युवकों ने थाने प्रदर्शन करके लौट जाने का आश्वासन दिया। इस पर पुलिस ने उन्हें थाने तक जाने की अनुमति दे दी। थाने पर पहुंचकर करीब 10 मिनट युवकों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाए और गगन यादव को छोड़ने की मांग की। प्रदर्शनकारी इसके बाद हाईवे पहुंच गए। यहां उन्होंने बकेवर ओवरब्रिज के आगे हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने यहां से किसी तरह भीड़ को हटाकर जाम खुलवाया। इसके बाद युवक गांव जाने वाले रास्ते की ओर निकल पड़े।
लाठीचार्ज के साथ पुलिस ने की हवाई फायरिंग
पुलिस ने उन्हें हाईवे से जाने वाले रास्ते पर ही रोककर खदेड़ दिया। यहां से कई युवकों को हिरासत में लिया। युवकों ने अलग-अलग रास्तों से गांव जाने की मशक्कत की, लेकिन पुलिस ने उन्हें सफल नहीं होने दिया। पुलिस के तमाम प्रयास के बावजूद भीड़ गांव के नजदीक निवाड़ीकलां लुधियानी मार्ग पर पहुंच गई। यहां पुलिस ने भीड़ को रोकने का प्रयास किया तो पथराव हो गया। भीड़ को उग्र होते देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। लाठीचार्ज के साथ पुलिस ने हवाई फायरिंग कर दी।
अधिकारियों ने दिया सुरक्षा का आश्वासन
इसके बाद युवाओं की भीड़ तितर-बितर हो गई। एसपी देहात श्रीश्चंद, सीओ अतुल प्रधान, सीओ सैफई रामगोपाल शर्मा, लवेदी, भरथना, बकेवर, सैफई, बसरेहर समेत करीब छह थानों के पुलिस बल के साथ खेतों से दौड़ाकर युवकों को गिरफ्तार किया। देर शाम डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल और एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने थाने में पहुंचकर गांव के हालात जाने। साथ ही गांव में पहुंचकर लोगों से बात की। अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया।
यादव हो तो ही अंदर जाना
बवाल से पहले गांव के बाहर खड़ी युवकों की भीड़ आने-जाने को यह कहकर रोकती रही कि यदि यादव हो तो ही भीतर जाना। वाहन सवारों से भी उनकी जाति पूछी गई। यादव के अलावा और किसी को जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस माैके पर पहुंची तो बवाल शुरू हो गया।
दांदरपुर गांव में घुसने का 70-80 युवकों ने प्रयास किया था। युवकों ने समझाने के बाद भी अराजकता की। इस पर 19 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। 13 बाइकें और एक कार भी जब्त की गई है। गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है। गांव में पुलिस बल तैनात है। -बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसएसपी
बवाल करने में ये हुए गिरफ्तार
रिषभ यादव (18) निवासी ग्राम धर्मशाला थाना बकेवर, अर्पित (21) निवासी नौगवां थाना बकेवर, अनुज यादव (23) निवासी अलियापुरा थाना भरथना, दीपक राठौर (20) निवासी विजय नगर थाना फ्रेंड्स कॉलाेनी, हिमाशु यादव (22) निवासी नरायन नगर थाना फ्रेंड्स कॉलाेनी, सौरभ (23) निवासी गोरादयालपुर थाना चौबिया, शिवम (24) निवासी आईटीआई चौराहा थाना फ्रेंड्स कॉलाेनी, शिवम (25) निवासी न्यू मंडी थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, अंकित (20) निवासी अशोकनगर थाना फ्रेंड्स कॉलाेनी, उत्कर्ष (23) निवासी गिरधारीपुरा थाना भरथना, अतुल यादव (23) निवासी गिरधारीपुरा थाना भरथना, वीरेंद्र मोहन प्रताप सिंह दोहरे (38) निवासी ज्ञानपुर थाना भरथना, लकी यादव (18) निवासी नगला प्राण थाना इकदिल, रजत कुमार (18) निवासी नगला प्राण थाना इकदिल, अशोक बाबू (46) निवासी नगला चुन्नी पालीखुर्द थाना भरथना, अंकित (18) निवासी नगला प्राण थाना इकदिल, हरेंद्र यादव (23) निवासी कुठैरा थाना भिंड, शिवम (18) निवासी सामपुर थाना बिधूना, अभिषेक (24) निवासी अकबरपुरा थाना फफूंद को गिरफ्तार किया गया।