डेरापुर के गांधी नगर में बुखार पीड़ितों का इलाज करती स्वास्थ्य टीम। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद/रूरा। जिले में डेंगू और बुखार का कहर नहीं थम रहा है। रसूलाबाद के गांधीनगर निवासी एक वृद्ध तथा रूरा के इंजुवारामपुर गांव के किशोर की रविवार को बुखार से मौत हो गई। वहीं, डेंगू व बुखार की चपेट में आकर अब तक 69 लोग दम तोड़ चुके हैं।
जिले में हर रोज डेंगू या बुखार से किसी न किसी की मौत हो रही है। कस्बे के गांधीनगर निवासी मंजूर खान (60) को दो दिन से बुखार आ रहा था। परिजन निजी डॉक्टर से उनका इलाज करा रहे थे। रविवार को वृद्ध की हालत अचानक बिगड़ गई।
इस पर पुत्र रिजवान, राजू, चांद बाबू व फिरोज उसे सीएचसी रसूलाबाद ले गए। वहां डॉक्टर सौरभ शाक्य ने परीक्षण को बाद मंजूर को मृत घोषित कर दिया। डॉ. सौरभ शाक्य ने बताया कि मृतक के परिजनों ने दो दिन से बुखार आने की बात कही थी। परिजन शव घर ले गए।
उधर रूरा में इंजुवारामपुर गांव निवासी महेंद्र सविता के पुत्र भोला (13) को करीब पांच दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन कस्बे के एक निजी अस्पताल में उसका उपचार करा रहे थे। शुक्रवार को हालत बिगड़ने पर कानपुर के निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
गांधीनगर व कमलपुर पहुंची स्वास्थ्य टीम, बांटी दवाएं
डेरापुर कस्बे के गांधी नगर वार्ड में डेंगू से मासूम की मौत के बाद रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में कैंप लगाकर 24 मरीजों का परीक्षण कर दवाएं दीं। वहीं अमरौधा ब्लॉक के कमलपुर गांव में भी स्वास्थ्य टीम ने 50 मरीजों का परीक्षण कर दवा दी। इस दौरान बुखार पीड़ित 10 लोगों के रक्त का सैंपल लिया गया।