पुखरायां। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के मावर गांव के पास कानपुर-झांसी हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों भाइयों को जिला अस्पताल लाया गया।
गंभीर हालत होने के चलते उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस दौरान बड़े भाई की मौत हो गई। वहीं, छोटे भाई को अकबरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
बरौर थाना क्षेत्र के मुरलीपुर गांव निवासी फूलचंद्र ने बताया कि उनके बेटे राजबाबू व सुनीत रनियां स्थित अलग-अलग फैक्टरी में काम करने के लिए एक ही बाइक से आते जाते थे।
शनिवार की देर रात लौटते समय भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के मावर गांव के पास कानपुर-झांसी हाईवे पर अज्ञात वाहन बाइक में टक्कर मारता हुआ निकल गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंची।
जहां से गंभीर हालत बताकर कानपुर के हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इस दौरान राजबाबू की मौत हो गई। इस पर एंबुलेंस से शव गांव पहुंचाया गया। वहीं, दूसरे बेटे सुनीत को एंबुलेंस चालक ने अकबरपुर रनियां के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया।
राजबाबू का शव गांव पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मां राधा देवी और राजबाबू की पत्नी शीला, सुनीत की पत्नी पूजा, छोटे भाई राजवीर और अतुल रो रो कर बेहाल रहे।
भोगनीपुर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजन शव को घर ले गए थे। सूचना पर बरौर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।