हरदोई। लोनार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बावन निवासी आठ माह की गर्भवती की बृहस्पतिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सांस लेने में परेशानी की शिकायत पर परिजन उसे पहले प्राइवेट अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज ले गए थे। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
बावन कस्बे के सराय मोहल्ला निवासी मिथुन जगदीशपुर में फर्नीचर की दुकान पर काम करते हैं। उनकी शादी 17 मई 2021 को उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के माढ़ापुर निवासी छाया (35) के साथ हुई थी। मिथुन ने बताया कि छाया आठ माह की गर्भवती थी। बुधवार रात छाया को अचानक सांस लेने में दिक्कत होने लगी और उलझन शुरू हो गई। हालत बिगड़ती देख परिजन छाया को लेकर हरदोई के एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचे। यहां उसे देखते ही मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज में चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के ढाई साल का एक पुत्र है। छाया के मायके वाले इन दिनों दिल्ली में हैं। उन्हें सूचित कर दिया गया है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से सूचना मिलने पर शव कब्जे में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजन से बातचीत कर कार्रवाई की जाएगी।