पुखरायां। भोगनीपुर थाना के रनिया की मड़ैया मोड़ के समीप लिंक सड़क पर गुरुवार सुबह ऑटो की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया। इससे उसमें सवार महिला की मौत हो गई। वह बहू के साथ पौत्र का इलाज कराने जा रही थीं।
सिथरा रामपुर निवासी विमलेश की पत्नी मंजू देवी ने बताया कि पुत्र अंशु (3) को बुखार आ रहा है। जिसका इलाज कराने के लिए सास मीरा देवी (53) के साथ ई-रिक्शा से पुखरायां आ रही थीं। रनिया की मड़ैया गांव के मोड़ पर ऑटो की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया। स्थानीय लोगों ने उसे सीधा कर सभी को निकाला। जिसमें सास मीरा देवी घायल हो गईं। इलाज के लिए पुखरायां सीएचसी लाया गया। जहां डॉ. अनूप सचान ने सास को मृत घोषित कर दिया। अनहोनी पर सीएचसी पहुंचे पुत्र कमलेश, नरेंद्र, विमलेश, मंगल, राहुल व पुत्रियां रीना, शकुंतला बिलखती रहीं। अपराध निरीक्षक बीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।