कानपुर बुधवार को हुआ हंगामा जितना बड़ा था, उतना ही बड़ा राजनीति और अपराधी के बीच गठजोड़ का नजारा भी। यहां चल रही एक भाजपा नेता की बर्थडे पार्टी में हिस्ट्रीशीटर मेहमान बनकर आया। उसकी मेहमाननवाजी शुरू हो पाती, उससे पहले ही सटीक सूचना पर पहुंची नौबस्ता पुलिस ने उसे गेस्ट हाउस के बाहर ही दबोच कर जीप में बैठा लिया। इसपर मेजबान नेता जी तमतमाते हुए समर्थकों संग बाहर आए और पुलिस के साथ धक्कामुक्की व गाली-गलौज करते हुए जीप के आगे बैठ गए। इस बीच कुछ समर्थकों ने भीड़ का फायदा उठा हिस्ट्रीशीटर को जीप से उतारकर भगा दिया। पढ़ें पूरा मामला...
यूपी के कानपुर शहर में भाजपाइयों की मनमानी का मामला सामने आया है। यहां हिस्ट्रीशीटर के लिए भाजपा कार्यकर्ता पुलिस टीम से भिड़ गए। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद भाजपाइयों ने हिस्ट्रीशीटर को पुलिस के चंगुल से छुड़ा लिया। इस मामले में 19 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसमें से एक की गिरफ्तारी हो गई है।
विज्ञापन
अपराधी के लिए भाजपाइयों ने पुलिस पर किया हमला
नौबस्ता थाना क्षेत्र में बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस टीम पर हमला कर बर्रा थाने के हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह को भगा दिया। हिस्ट्रीशीटर बीजेपी के दक्षिण जिला मंत्री नारायण भदौरिया के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने आया था। इस दौरान बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने हमीरपुर रोड जाम कर हंगामा काटने के साथ ही पुलिस विरोधी नारेबाजी की।
पुलिस टीम पर हमला कर हिस्ट्रीशीटर को भगाने के मामले में 19 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें नौ लोग नामजद व 10 अज्ञात हैं। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। इसके साथ ही कार्रवाई करते हुए भाजपा ने नारायण भदौरिया को जिला मंत्री पद से हटा दिया है।
पुलिस और नेताओं से साठगांठ के चलते हिस्ट्रीशीटर मनोज सिंह के हौसले बुलंद होते चले गए। थाने से महज 100 कदम की दूरी पर मकान होने के बाद भी पुलिस उसपर हाथ नहीं डालती थी। यही नहीं वह इलाके में होने वाली छोटी मोटी घटनाओं का चौकी में सुलह भी करवाता था। मनोज सिंह ने वर्ष 2007 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था।
जिस नेता की थी बर्थडे उनपर भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार भाजपा के दक्षिण जिला मंत्री नारायण सिंह भदौरिया के खिलाफ भी आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिसमें वर्ष 2006 में किदवईनगर में गाली गलौज, मारपीट, धमकी व वर्ष 2012 में बाबूपुरवा थाने में मारपीट, धमकी की रिपोर्ट दर्ज है।