आखिरकार शुक्रवार से चकेेरी एयरपोर्ट से कोलकाता की सीधी फ्लाइट का संचालन होने लगेगा। इसका संचालन सप्ताह में चार दिन होगा। कानपुर से कोलकाता फ्लाइट सप्ताह में मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को आएगी और जाएगी।
एयरपोर्ट के निदेशक बीके झा ने बताया कि पोर्ट ब्लेअर से कनेक्टिविटी होने के बाद कोलकाता की फ्लाइट शुरू हो रही है। वैसे इस फ्लाइट को पहले 20 जुलाई से शुरू होना था पर हर बार कोई न कोई तकनीकी दिक्कत आ जाती थी, इसकी वजह से इस फ्लाइट को बार बार स्थगित किया जाता रहा। अब यह फ्लाइट शुक्रवार से शुरू होने जा रही है। चकेरी एयरपोर्ट पर फ्लाइट उतरने पर वाटर कैनन सैल्यूट की तैयारी एयरपोर्ट पर कर्मचारियों ने की।
ये होगा शेड्यूल
कोलकाता से उड़ेगी दोपहर 12.00 बजे
चकेरी एयरपोर्ट पर उतरेगी दोपहर 02 बजे
चकेरी एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी दोपहर 2:30 बजे
कोलकाता में उतरेगी शाम 4:30 बजे
चमड़ा और होजरी कारोबारियों को होगा फायदा
कोलकाता फ्लाइट के शुरू हो जाने से सबसे ज्यादा लाभान्वित कानपुर शहर व उन्नाव के व्यापारी होंगे। कानपुर से अभी तक सीधी कोलकाता की फ्लाइट नहीं है। जबकि चर्म उद्योग का काम होने से कानपुर के व्यापारियों को कोलकाता सबसे ज्यादा आना जाना होता है। लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से रोजाना कोलकाता की चार फ्लाइटें हैं। इसमें 35 से 40 प्रतिशत व्यापारी कानपुर व उन्नाव के होते हैं। लिहाजा यहां के कारोबारियों की भी मांग थी कि कम से कम कोलकाता की फ्लाइट डेली चलनी चाहिए। इसके अलावा कोलकाता से कानपुर के होजरी के व्यवसाय का कनेक्शन है। चर्म व होजरी कारोबारियों का सबसे ज्यादा इस फ्लाइट से आना जाना होगा।