रसूलाबाद। शाहबाजपुर के मजरा डूड़ांवर में ननिहाल में रह रहे दोनों पैरों से दिव्यांग सात वर्षीय बालक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर उसके पैतृक गांव कुनिकपुरवा, थाना बेला, जनपद औरैया रवाना हो गए। डूड़ांवर निवासी रामबाबू यादव ने बताया कि बेटी विनीता की करीब छह साल पहले मायके मौत हो गई थी। बेटी की मौत के बाद नाती कुन्नू (7) उनके पास रह रहा था। वह दोनों पैर से दिव्यांग था। शुक्रवार को वह शहबाजपुर नहर पुल स्थित अपनी दुकान से खाना खाने घर लौटे तो कुन्नू के दिखाई न देने पर उसकी तलाश शुरू की गई। पड़ोसी ने उसे कुछ देर पहले घर के बाहर खेलते देखा था।
तलाश के दौरान घर के सामने सड़क पार तालाब में बुलबुले उठते दिखाई दिए। कुन्नू के मामा हिमांशु और गोपी तालाब में उतरे। गोपी को पैरों से कुन्नू के शरीर का अहसास हुआ। उसे बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। तिश्ती चौकी प्रभारी केशव देव ने बताया कि कुन्नू के नाना रामबाबू ने पोस्टमार्टम नहीं कराने का लिखित अनुरोध दिया था। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।