संदलपुर। मंगलपुर थाना क्षेत्र के रनधीरपुर गांव के पास स्थित देसी शराब दुकान पर शुक्रवार को गांव की महिलाओं ने पहुंच कर हंगामा किया। महिलाओं ने एकजुट होकर ठेके में तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया।
ठेके पास हंगामा कर रही महिलाओं ने बताया कि रनधीरपुर गांव के कुछ लोग मध्य प्रदेश के सागर में धंधा करते थे। वहां शराब से कुछ लोग बीमार हो गए जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं अन्य लोगों का अभी भी इलाज चल रहा है। गांव के पास ठेका संचालित है। गांव के लोग सुबह ही शराब पीने लगते हैं। गांव की महिलाओं का आरोप है कि यह शराब ठेका चमरौवा गांव के नाम से है लेकिन इसे रनधीरपुर के पास संचालित किया जा रहा है।
महिलाओं ने ठेका बंद कराने की मांग की। इधर हंगामा देख सेल्समैन मौके से चला गया और पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची मंगलपुर थाना पुलिस ने महिलाओं को समझाकर शांत कराया। थानाध्यक्ष मंगलपुर प्रवीण कुमार ने बताया कि मामला शांत करा दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।