कानपुर। पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा के करीबी कपली निवासी देशराज सिंह कुशवाहा के पास कानपुर से लेकर कपली तक बड़ा साम्राज्य फैला है। कुछ समय पहले तक वह यहां रावतपुर रामलला के पास अपने घर में रहता था। कुछ समय से वह अपने गांव कपली में बने फार्म हाउस में अंदर हवेली में रहता है। तीन साल पहले आयकर अफसरों ने जब छापा मारा था, तब पता चला था कि लखनऊ जाते समय रमाडा गेस्ट हाउस के पीछे पड़ी करोड़ों की जमीन पर देशराज कुशवाहा का कब्जा है।
बताया जाता है कि बाबू सिंह कुशवाहा ने कानपुर में अपनी एक टीम बनाकर अपना नेटवर्क फैलाया था। देशराज इस टीम के अहम हिस्सा था। वह जमीनों की खरीद फरोख्त करता था। साथ ही इस काम को कैसे मैनेज करना है, यह काम भी वहीं करता था। इस बीच बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले उसकी और बाबू सिंह के बीच कुछ अनबन भी हो गई थी। कानपुर में रहकर देशराज अभी भी रीयल स्टेट का बड़ा काम कर रहा है। कुछ महीने पहले उसके बेटे की माैत के बाद से वह रावतपुर से कपली जाकर रहने लगा। यह भी पता चला है कि देशराज यहां के किसी बड़े प्राइवेट शिक्षण संस्थान में भी बड़े ओहदे पर है। उस संस्थान में भी उसका पैसा लगा हुआ है।