कानपुर में बर्रा निवासी युवक की शनिवार रात को सिर पर भारी वस्तु से हमला कर हत्या कर दी गई। शव रविवार सुबह गोविंदनगर थाना क्षेत्र के दबौली वेस्ट में रेल पटरी पर पड़ा मिला। यहां से युवक की प्रेमिका का घर महज आधा किमी है।
परिजनों ने प्रेमिका के परिजनों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। बर्रा बनपुरवा निवासी रामेंद्र (25) खुद की गाड़ी चलाता था। भाई शिवशंकर व शिव मोहन ने बताया कि रामेंद्र के दबौली वेस्ट में रहने वाली युवती से करीब पांच साल से प्रेम संबंध थे।
रामेंद्र उससे शादी करना चाहता था, लेकिन युवती के घर वाले राजी नहीं थे। शनिवार शाम करीब आठ बजे मां घसीटा देवी से कुछ देर में लौट आने की बात कहकर बाइक से निकला था। इसके बाद घर नहीं लौटा। सुबह पुलिस ने फोन कर शव पड़ा होने की सूचना दी।
पुलिस को शव के पास से उसकी आईडी व मोबाइल फोन (स्विच ऑफ) पड़ा मिला। पहले तो आत्महत्या की चर्चा रही लेकिन परिजनों के अनुसार शव ट्रैक के बीचोंबीच पड़ा था। इसके बाद भी न तो उसके कपड़े फटे और न ही शरीर पर कोई ऐसे निशान मिलें, जिससे पुष्ट हो सके की ट्रेन से टकराने से मौत हुई है।