उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में मुख्यालय के पुराने बाजार स्थित वीमार्ट के बगल में खंभे में करंट उतर आया। करंट की चपेट में आने से विष्णु गुप्ता उर्फ पप्पू (35) पुत्र स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद गुप्ता निवासी जगदीश गंज वैद्य जी का बाड़ा की मौत हो गई।
बता दें कि मृतक ब्रेड बेचने का काम साइकिल से किया करता था। गुरुवार की शाम लगभग 9:00 बजे वह ब्रेड देने के लिए अंडे की दुकान पर गया हुआ था, तभी वहीं पर लगे खंभे में करंट आ जाने से वह चिपक गया। इस दौरान लक्ष्मणपुरी निवासी अंडा व्यवसाई मुन्ना लाल वर्मा (55) ने बचाने का प्रयास किया तो वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गया।
मूसलाधार बारिश होने के बाद लगभग एक घंटे तक वह दोनों जमीन पर मरणासन्न की स्थिति में पड़े रहे। परिजनों ने मुन्ना लाल वर्मा को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया और लोगों ने कोतवाली में सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोतवाल वीरेंद्र त्रिपाठी ने जायजा लिया।
इसके बाद विष्णु को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के छोटे भाई महेश गुप्ता उर्फ छोटू ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि खंभे में तीन-चार दिन से करंट दौड़ रहा था।
इसकी सूचना मोहल्ले वालों ने विद्युत विभाग को दी थी। मृतक के भाई का कहना है कि अगर विद्युत विभाग सचेत हो जाता तो मेरे भाई की मौत न होती। मृतक दो भाई व तीन बहनों में दूसरे नंबर का था परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।