कानपुर के अर्मापुर में पनकी नहर पट्टी के पास शुक्रवार रात एक युवक पर आधा दर्जन हमलावरों ने हमला कर दिया। युवक जान बचाकर भागा तो हमलावरों ने दौड़ाकर उसके सीने में गोली मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसके साथी के सिर पर भारी हथियार से वार कर दिया। सूचना पर कमिश्नर असीम अरुण समेत अन्य अफसर मौके पर पहुंचे।
दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। प्रेम प्रसंग के विवाद की बात सामने आ रही है। कल्याणपुर आवास विकास तीन निवासी धीरज गुप्ता (20) एक निजी स्कूल की वैन चलाता था। पनकी गड़रियनपुरवा निवासी बृजेश और शिवम उर्फ शुभम के साथ धीरज शुक्रवार रात करीब 11 बजे नहर पट्टी के पास एक चाय की दुकान के पास शराब पी रहा था।
बृजेश के मुताबिक इसी दौरान दो युवक आए और गालीगलौज करने लगे। दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। कुछ देर बाद दूसरे पक्ष से पांच-छह लोग और आए और बृजेश, शुभम व धीरज पर हमला कर दिया। असलहे निकालता देख तीनों वहां से भागे। इस दौरान हमलावरों ने दौड़ाकर धीरज के सीने में गोली मार दी।
इसके बाद बृजेश के सिर पर भारी हथियार से वार कर दिया। बृजेश को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धीरज की कुछ ही देर में मौत हो गई। धीरज की मां कौशल्या ओईएफ में टेलर हैं। पिता की काफी समय पहले मौत हो चुकी है।