उन्नाव जिले के बारासगवर में नशे की हालत में झगड़ रहे दो भाइयों को समझाना बड़े भाई को महंगा पड़ गया। आवेश में दो छोटे भाइयों ने सिर में डंडे से हमलाकर उसकी हत्या कर दी। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी छोटे भाइयों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
बारासगवर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव के मजरा रताखेड़ा गांव निवासी बुद्धीलाल का बेटा ओमप्रकाश सोमवार 24 अगस्त की रात नशे की हालत में घर पहुंचा। छोटे भाई पंचम ने राशन (आटा, चावल) आदि का सामान न लाने पर ओमप्रकाश को खरी खोटी सुना दी।
जिस पर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। गाली-गलौज होती देख सबसे बड़ा भाई काली प्रसाद (42) उन्हें समझाने पहुंचा। जिस पर पंचम व ओमप्रकाश ने डंडे से कालीप्रसाद पर हमला बोल दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी भाई मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंचे एसओ हर प्रसाद अहरवार ने घटना की जांच की। मृतक के पिता बुद्धीलाल की तहरीर पर पुलि ने आरोपी भाई पंचम व ओमप्रकाश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें भोर पहर गांव से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। कालीप्रसाद की मौत से पत्नी गीता व तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी गीता ने बताया कि पति मजदूरी कर घर का गुजारा चलाते थे। अब समझ नहीं पा रही है कि बच्चों का भरण-पोषण कैसे करेगी।