पचास हजार के इनामी डाकू गोप्पा के डर से पुल निर्माण का काम रुक गया है। डाकू ने ठेकेदार और मेट को धमकी भरा फोनकॉल करके तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। डाकू की धमकी से सभी दहशत में हैं, पुलिस से सुरक्षा मांगी गई है। मामला यूपी के चित्रकूट जिले का है।
चित्रकूट के पहाड़ी थाना क्षेत्र के ममसी-ओरा मार्ग पर राज्य सेतु निगम विभाग द्वारा पुल का निर्माण कराया जा रहा है। जिसकी लागत लगभग 50 लाख रुपये बताई गई है। पेटी ठेकेदार सुरेश गुप्ता और मेट नत्थू धतुरहा ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर तीन बार अलग-अलग नंबरों से फोन पर तीन लाख की फिरौती मांगी जा रही है। फोन करने वाला खुद को डाकू गोप्पा बताकर धमकी दे रहा है कि बिना रंगदारी दिए काम शुरू किया तो अंजाम बुरा होगा। जिससे काम रुका पड़ा है। इसकी सूचना पहाड़ी थानाध्यक्ष को भी देकर मेट ने सुरक्षा की मांग की है। जिन नंबरों से धमकी मिली है वह नंबर भी बताए गए हैं।
इस मामले में राज्य सेतु निगम के जेई पीके पटेरिया ने बताया कि काम तो फिलहाल रोक दिया गया है। जरूरत पड़ने पर पुलिस सुरक्षा के बीच काम कराएंगे। उधर, पहाड़ी थानाध्यक्ष अंगद प्रताप सिंह ने डाकुओं के हस्तक्षेप मामले में तो कुछ नहीं बताया लेकिन यह कहा कि किसी भी डाकू गैंग के हस्तक्षेप से निर्माण नहीं रुकेगा।