मुंबई में पकड़े गए संदिग्ध आतंकी सलीम खान ने करीब दस साल पहले दुबई जाने के नाम पर घर छोड़ दिया था। इसके बाद दोबारा कभी घर नहीं आया। घरवाले मोबाइल पर उसका हालचाल लेते रहते थे। पुलिस ने सलीम के घर जाकर जांच की। पुलिस ने बताया कि वह घर छोड़ते ही पाक अधिकृत कश्मीर के मुजफ्फराबाद में ट्रेनिंग लेने चला गया था। आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के बाद घर नहीं लौटा।
सलीम खान पुत्र स्वर्गीय मुकीमुद्दीन यूपी के फतेहपुर जिले के हथगाम थाने के बंदीपुर गांव का रहने वाला है। उसके पकड़े जाने की खबर आते ही परिवार में हड़कंप मच गया। वह पांच भाई अलीम खान, कलीम, मुस्तकीम, आसिफ में सबसे बड़ा था। उसका दस साल पहले खखरेरू थाना क्षेत्र के कबरे गांव की नाजमीन पुत्री शाहिद के साथ निकाह हुआ था। सलीम की मां एहसान फातिमा परिवार संग रहती हैं। परिवार की आर्थिक हालत ठीक ठाक नहीं है। दुर्घटना के बाद भाई कलीम विकलांग हो गया था। कलीम ने बताया कि नौ साल पहले बड़े भाई घर से दुबई कमाने के लिए गए थे। इस दौरान बहनों की शादी और उसके एक्सीडेंट तक में नहीं आए। उससे घरवालों की मोबाइल पर हालचाल के लिए बातचीत होती थी।