उत्तर प्रेदश के बांदा जिले में एक शिक्षक ने शैतान का रूप धारण कर लिया। शिक्षक ने क्लास में दोस्त से फाइल मांगने आए एक छात्र को बड़ी बेरहमी से पीटा। छात्र के दिल में शिक्षक का ऐसा खौफ बैठ गया है कि अब वह स्कूल जाने से भी कांप रहा है।
जानकारी के मुताबिक श्रीनगर राजकीय इंटर कालेज के पीड़ित छात्र ने थाना श्रीनगर में घटना की तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भटेवर निवासी वासुदेव (15) पुत्र शिवराम पाल कस्बा श्रीनगर में किराये पर रहकर राजकीय इंटर कालेज श्रीनगर में हाईस्कूल की शिक्षा ग्रहण कर रहा है। मंगलवार को वह कॉलेज गया था।
दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले दोस्त से फाइल लेने के लिए वासुदेव कक्षा में पढ़ा रहे शिक्षक से पूछकर अंदर गया और फाइल लेकर वापस लौटने लगा। तभी संविदा शिक्षक पुरुषोत्तम तिवारी ने छात्र वासुदेव की लातघूसों से जमकर पिटाई कर दी। घायल छात्र जब घर पहुंचा और परिजनों को मामले की जानकारी हुई।
परिजन छात्र के साथ थाना श्रीनगर पहुंचे और घटना की तहरीर सौंपी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शिक्षक पुरुषोत्तम तिवारी का कहना है कि क्लास में पढ़ाते समय वासुदेव कक्षा में एक छात्र से बाते करने लगा जिस पर उसकी पिटाई की गई। उधर, कालेज के प्रधानाचार्य विजय शंकर तिवारी का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। कल दोनों पक्षों को बुलाकर मामला निपटाया जाएगा।