कोतवाली क्षेत्र के बैरी सवाई गांव में गत गुरुवार की देर रात एक घर में बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों रुपये की नकदी ओर जेवरात लूट ले गए। विरोध करने पर बदमाशों ने घर के लोगों को जमकर मारापीटा। बदमाशों की पिटाई से गंभीर रूप से घायल चार लोगों को कानपुर के लखनपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मौके पर पुलिस अधीक्षक बीबी सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। अभी तक बदमाश पकड़े नहीं जा सके हैं।
शिवली कोतवाली क्षेत्र के गांव बैरी सवाई में पूर्व प्रधान स्व. रामसनेही वर्मा के नाती सचिन वर्मा के घर पर गुरुवार की रात को छह से अधिक बदमाशों ने धावा बोल दिया।
बदमाश घर के पीछे के दरवाजे की कुंडी खोलकर दाखिल हुए थे। घर में घुसते ही बदमाशों ने सबसे पहले बरामदे में सो रही दादी बिटोला देवी को कब्जे में लिया।
इसके बाद पिटाई करके मां शंकुतला के जेवर उतरवा लिए। शकुंतला की चीख पुकार सुनकर सचिन वर्मा ने कमरे का दरवाजा खोला।
बदमाश सचिन वर्मा और राहुल के कमरों में घुस गए। दोनों को मारपीट कर लाखों रुपये की नकदी व जेवरात लूट लिए।
सचिन की पत्नी मोनी ने बताया कि बदमाशों ने सब कुछ लूट लिया। बदमाश असलहे व सरिया लेकर आए थे। विरोध करने पर बदमाशों ने सचिन, राहुल, मां शकुंतला व बहन दीपिका लहूलुहान कर दिया।
सचिन वर्मा की दादी बिटोला देवी ने बताया कि उनकी धोती के पल्लू में कुछ रूपये बंधे थे। असलहा व डंडा दिखाकर बदमाशों ने वह भी खोल खुलवा लिए।
उधर, घायलों को उपचार के लिए कानपुर के लखनपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। लूटा गया कुछ सामान बंबे के पास पड़ा मिला है।
इन लोगों ने बदमाशों से मोर्चा लेने का प्रयास किया था। इस मामले में कानपुर देहात के पुलिस अधीक्षक बीबी सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खुलासे के आदेश दिए हैं।
समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं किया गया था। पुलिस अधीक्षक बीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि चोरी के इरादे से लगता है बदमाश घर के अंदर दाखिल हुए थे।
इससे पहले दरवाजे के पास नकब लगाने का प्रयास भी किया था। पुलिस शीघ्र खुलासा करेगी।