बिल्हौर के एक गांव में तीन लोगों ने 14 साल की किशोरी को अगवा कर गैंगरेप कर डाला। पीड़िता का पिता वारदात के दो दिन तक तहरीर लेकर थाने के चक्कर लगाता रहा लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत नहीं सुनी। मंगलवार देर रात किशोरी की हालत बिगड़ी तो घर वाले उसे कल्याणपुर के एक अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मामले का पता चलते ही देर रात सीओ कल्याणपुर मनीष सिंह अस्पताल पहुंचे और पीड़िता के पिता की तहरीर ली। गत गुरुवार की शाम किशोरी किसी काम से घर से निकली थी, फिर वह गायब हो गई। घरवालों ने नाते रिश्तेदारों के यहां पता किया लेकिन कोई सूचना नहीं मिली। शनिवार शाम ग्रामीणों ने किशोरी के गांव के बाहर बेहोश पड़े होने की सूचना घर वालों को दी। परिजन उसे घर ले आए। दो दिनों तक परिजनों ने किशोरी की हालत ठीक होने का इंतजार किया।
मंगलवार को पीड़िता के पिता उसे बिल्हौर थाने ले गए। जहां थानाध्यक्ष अमर पाल सिंह ने उन्हें टरकाते हुए खुद को क्राइम मीटिंग में जाने का हवाला दिया। इधर, घर लौटी किशोरी की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे लेकर कल्याणपुर के एक नर्सिंग पहुंचे।
देर रात मामले की जानकारी होने पर सीओ कल्याणपुर और सीओ बिल्हौर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। यहां किशोरी के पिता ने गांव के ही कल्लू, अशोक और भोले पर रेप का आरोप लगाया है। एसएसपी शलभ माथुर का कहना है कि परिजनों से तहरीर मिल गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।