फतेहपुर के एक गरीब किसान का अपहरण कर 25 लाख की फिरौती मांगी गई है। किडनैपर्स ने रुपये न मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी इसके बाद से किसान का पूरा परिवार सकते में है। पुलिस मामले को लेकर सतर्क है सर्विलांस और एसओजी टीम को लगा दिया गया है।
गंधर्पी गांव निवासी अनीस (27) लघु कृषक परिवार से है। वह प्राइवेट दुग्ध कंपनी में काम भी करता है। भाई राजू ने बताया कि गुरुवार को भाई बोरा सिलने के लिए सुतली लेने की बात कहकर घर से निकला था। उसने कहा था कि यदि खजुहा में सुतली नहीं मिली तो बकेवर जाएगा। रात तक न लौटने पर घरवालों को चिंता हुई। अगले दिन छानबीन में भी अनीस का कुछ पता नहीं चला।
राजू के मुताबिक शुक्रवार की रात उसके मोबाइल पर फोन आया कि अनीस को सही सलामत चाहते हो तो 15 लाख रुपये का बंदोबस्त करो। बकौल राजू उन लोगों ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। शनिवार की रात फिर फोन आया और इस बार रकम बढ़ाकर 25 लाख मांगी गई। वह लोग कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। कोतवाल आरके सिंह का कहना है कि अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
परिवार की स्थिति 25 लाख रुपये फिरौती देने जैसी नहीं लगती। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं लेनदेन के चक्कर में तो अनीस कहीं चला नहीं गया है। टीमें लगा दी गई हैं। जिन नंबरों से फोन आया उसे भी ट्रेस कराया जा रहा है। बता दें कि अनीस की शादी हो चुकी है और एक बेटा भी है। अनीस के परिजनों का कहना है कि अगर रुपये नहीं दिए तो वो लोग किसान को मार देंगे।