जमीन का फर्जी बैनामा कराने में सपा विधायक राजेश्वरी की बेटी समेत चार लोगों के खिलाफ हरदोई कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि मामला उजागर होने के बाद विधायक की बेटी ने रजिस्ट्री रद्द करा दी है। बैनामा करने वाले कथित व्यक्ति की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के नन्हे गांव के मजरा पहल निवासी मुन्ने लाल पुत्र नंदा दिल्ली में नौकरी करता है। वह गांव की जमीन बंटाई पर दिया है। हफ्तेभर पहले मुन्ने दिल्ली से लौटा। उसके खेत में बोई सरसों की फसल विधायक राजेश्वरी के लोग कटवा रहे थे। मुन्ने ने विरोध किया तो उन लोगों ने जमीन का विधायक की बेटी ओर से बैनामा कराने की जानकारी दी। इस पर उसने पुलिस से शिकायत की।
शनिवार को मुन्ने लाल की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने विधायक की बेटी काजलराज, महोलिया निवासी विश्वनाथ शुक्ला, रामभरोसे वर्मा पुत्र किंदर निवासी मरकहा थाना टड़ियावां के अलावा मुन्नेलाल पुत्र नंदा बनकर फर्जी बैनामा करने वाले कथित व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल कमलेश नारायण पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अभी तक यह बात सामने आई है कि किसी दूसरे व्यक्ति ने मुन्नेलाल बनकर जमीन का बैनामा कर दिया था।